बिदाम देवी आश्रय स्थल का सचिव सोनल पारिख ने किया औचक निरीक्षण, बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधाओं को लेकर दिए अहम निर्देश
अनिल कुमार खीची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।सर्दी का सितम बढ़ने के साथ ही खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले जरूरतमंदों को राहत देने के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पड़ताल शुरू हो गई है। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश सोनल पारिख ने रेलवे स्टेशन के पास नगर परिषद द्वारा संचालित बिदाम देवी आश्रय स्थल (रैन बसेरा) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार किए गए निरीक्षण में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग ठहरने की व्यवस्था, सर्दी से बचाव के लिए कंबल-रजाई, पृथक शौचालय, स्नानघर और गीजर की सुविधा उपलब्ध मिली। मौके पर केयरटेकर उपस्थित मिला। सचिव ने दैनिक संधारण रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों की जांच की। साथ ही शौचालयों में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के दौरान पारिख ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु रैम्प निर्माण, बुजुर्गों एवं चलने-फिरने में असमर्थ व्यक्तियों के लिए वेस्टर्न टॉयलेट सीट लगवाने तथा पुराने अग्निशमन यंत्र को बदलकर नया यंत्र उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने समीप संचालित अन्नपूर्णा रसोई योजना का भी निरीक्षण किया तथा भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सचिव ने रैन बसेरे में उपलब्ध निःशुल्क ठहरने की सुविधा का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि सर्दी के मौसम में कोई भी जरूरतमंद खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर न हो और उसे सुरक्षित आश्रय मिल सके।