पाली पुलिस के ‘ऑपरेशन जागृति’ का मानवीय चेहरा: हाईवे पर असहाय मिली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को दिलाया सुरक्षित आश्रय

एंटी रोमियो टीम-1090 ने त्वरित कार्रवाई कर पणिहारी चौराहे के पास से महिला को सुरक्षित किया; मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में कराया प्रवेश

जयपुर 01 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल।पाली जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (SIUCAW) सुनील के. पवार के सुपरविजन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जागृति अभियान का एक बड़ा मानवीय परिणाम सामने आया है। अभियान के तहत सार्वजनिक किए गए एंटी रोमियो टीम के हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक असहाय एवं राह भटकी महिला को समय रहते सुरक्षित आश्रय प्रदान किया।

*अंधेरे हाईवे से महिला को किया सुरक्षित रेस्क्यू*
एसपी सेन ने बताया कि समाजसेवी रिजवान ने एंटी रोमियो टीम-1090 (ART) की प्रभारी एवं मुख्य आरक्षक पार्वती चारण को सूचना दी कि पाली शहर के पणिहारी चौराहे के आगे जयपुर हाईवे पर एक महिला भटक रही है। अत्यधिक यातायात और अंधेरा होने के कारण दुर्घटना की आशंका को देखते हुए टीम प्रभारी पार्वती चारण ने सूचनाकर्ता को महिला को रोककर रखने की हिदायत दी और तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
पुलिस टीम ने महिला को हाईवे से सुरक्षित अपनी गाड़ी में बैठाया। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ और अत्यधिक डरी-सहमी होने के कारण अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी। उच्चाधिकारियों से निर्देश प्राप्त कर महिला को तत्काल मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह पहुंचाया गया।

*महिला की हुई पहचान, पुनर्वास गृह में मिल रही देखभाल*
दिव्यांग सेवा संस्थान द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह के कर्मियों द्वारा महिला की आवश्यक देखभाल और पुनर्वास सेवाएं शुरू की गईं। बाद में महिला की पहचान जाडन निवासी इंदिरा मेघवाल के रूप में हुई। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचित किया गया, लेकिन परिजनों के उपस्थित न होने के कारण वर्तमान में महिला पुनर्वास गृह में ही निवासरत है। महिला का डॉक्टरी परीक्षण भी करवाया गया, जिसमें किसी भी प्रकार की दुर्घटना या चोट न होने की पुष्टि हुई है।

*मानवीय पहल में इन सदस्यों का रहा विशेष योगदान*
इस पूरी संवेदनशील कार्रवाई में एंटी रोमियो टीम की हेड कांस्टेबल पार्वती चारण, विमल कंवर, पूनम, भावना, वाहन चालक श्याम सिंह तथा समाजसेवी रिजवान का विशेष सराहनीय सहयोग रहा। पाली पुलिस और समाजसेवियों के इस संयुक्त प्रयास से महिला को असुरक्षित माहौल से निकालकर समय पर आश्रय प्रदान किया जा सका, जिस हेतु मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह प्रबंधन ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
———–