भाजपा प्रत्याशियों की सूची आज हो सकती है जारी, दावेदारों की धड़कनें तेज

ब्यावर जिले की सात पंचायत समितियों के लिए 750 से अधिक और जिला परिषद के लिए 280 से ज्यादा आवेदन, टिकटों पर मंथन पूरा

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।पंचायती राज आम चुनाव-2026 को लेकर भाजपा में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में विस्तृत मंथन के बाद ब्यावर जिले की सातों पंचायत समितियों और जिला परिषद के प्रत्याशियों के नाम लगभग फाइनल कर दिए गए हैं। पार्टी की आधिकारिक सूची आज जारी होने की संभावना है। ऐसे में टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों की निगाहें अब पार्टी नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड के अनुसार, जिले की सातों पंचायत समितियों के लिए 750 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि जिला परिषद के लिए 280 से अधिक दावेदारों ने आवेदन किया है। बड़ी संख्या में आवेदन मिलने के चलते प्रत्याशियों के चयन को लेकर पार्टी स्तर पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया है।

प्रदेश नेतृत्व की बैठक में हुआ मंथन

जयपुर में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय सहित जिला कोर कमेटी के सदस्य अरुण चतुर्वेदी, विष्णु चेतानी, श्रवण बगड़ी, पुष्प जैन, विमल अग्रवाल, जिलाध्यक्ष आशीष सांड, सांसद महिमा कुमारी, अविनाश गहलोत, विधायक शंकर सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह कानावत और जब्बर सिंह सांखला सहित जिले के विधायक एवं सांसद शामिल रहे।

टिकटों की घोषणा का इंतजार

भाजपा जनसेवा, सुशासन और विकास के मुद्दे के साथ पंचायत चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही है। टिकटों को लेकर दावेदारों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। आज प्रत्याशियों की सूची जारी होने पर चुनावी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है। इसके बाद जिले में पंचायत चुनाव की सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है।