रफ्तार के रण में ब्यावर के नन्हे सितारों ने दिखाया दम, स्केटिंग ट्रैक पर बरसे पदक

पहली जिला रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में 150 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, सेंट पॉल्स और RSA स्कूल का रहा दबदबा; रुद्रांश-नव्या बने सर्वश्रेष्ठ स्केटर

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।शहर में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने के उद्देश्य से आयोजित प्रथम ब्यावर जिला रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता-2026 में नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी रफ्तार, संतुलन और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। ब्यावर रोलर खेल संघ के तत्वावधान एवं YMCA के सहयोग से राठौड़ स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित प्रतियोगिता में करीब 150 बालक-बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में सेंट पॉल्स स्कूल एवं RSA स्कूल (बाय गोकुल अकादमी) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपना दबदबा कायम रखा।

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के लिए 200, 300, 500 एवं 1000 मीटर की स्पीड स्केटिंग स्पर्धाएं आयोजित की गईं। ट्रैक पर खिलाड़ियों के बीच पदक जीतने के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खास बात यह रही कि दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पैरा रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसने आयोजन को विशेष पहचान दी।

समापन समारोह में YMCA अध्यक्ष राजेश बैपटिस्ट, ब्यावर रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन अध्यक्ष रंजू देवी, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट रागसुख गुर्जर, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी निर्णायक महेंद्र सिंह राठौड़ एवं भामाशाह महेंद्र रांका ने विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया।

रुद्रांश और नव्या बने सर्वश्रेष्ठ स्केटर

प्रतियोगिता में रुद्रांश एवं नव्या चौधरी को सर्वश्रेष्ठ स्केटर के पुरस्कार से नवाजा गया, जबकि आतिश एवं आन्या सिंह को उभरते खिलाड़ी के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों में पुष्कर, आरिफ, गर्वित, संकेत, दक्ष, दिशा, अनमोल, वीर, मयंक, वंश, अतिश, त्वक्षथा, नव्या, नवय, पलवी, पायल, सोनित, गुंजन, रुद्राक्ष, मानसीका, देवांश, अन्वी, रुद्रांश, अतिक्ष, आयत एवं तेजश्री सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।

द्वितीय स्थान पर वीर, माथा, वंश, निशिल, योगेंद्र, संकेत, पुष्कर, हितेश, हर्षिक, राजेश, कनिष्ठा, राखिया, दिव्यम, आरोही, आदित्य, प्रतीक, जया, विवान, शगुन, लक्षित, रेयांश, क्रियांश एवं साकेत सहित अन्य खिलाड़ियों ने स्थान बनाया। वहीं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों में अभिषेक, रोहिन, माहिर, अनमोल, राधा, निशिल, रोडका, प्रिंस, धवल, नमन, रणव, तनिष्का, मनीषा, सोनिता, विनी, माहिक, असांभी, यश, रुचिका, इवान, जीविका, रियांश, ह्रियांश एवं कल्पित सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।

आयोजन का उद्देश्य ब्यावर में रोलर स्केटिंग खेल को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को जिला स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करना रहा। प्रतियोगिता ने शहर में स्केटिंग के प्रति बढ़ते आकर्षण और खेलों में बच्चों की रुचि को भी उजागर किया।