महुवा पुलिस ने बैटरी चोरी का मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र मीना को किया गिरफ्तार

आरोपी के खिलाफ 19 मामलों में पहले से नामजद

नीरज मीणा

महुवा।स्मार्ट हलचल/जिला पुलिस अधीक्षक दोसा सागर राणा (IPS) के निर्देशन में थाना महुवा पुलिस ने ई-रिक्शा से बैटरी चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर वीरेन्द्र उर्फ विक्रम मीना को गिरफ्तार किया है।
आरोपी वीरेंद्र उर्फ विक्रम मीणा अव्वल दर्जे का बदमाश बताया जा रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी व अवैध हथियार सहित 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश (IPS), जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा (IPS) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा हेमन्त कलाल (IPS) के निर्देशानुसार वृत्ताधिकारी महुवा मनोहरलाल मीना (RPS) के सुपरविजन में महुवा थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार मीना के नेतृत्व में गठित टीम ने 12 मार्च को यह कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी के एक साथी मांगीलाल मीना को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है तथा चोरी की गई चार बैटरियां भी बरामद कर ली गई हैं। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और गिरफ्तार आरोपी से चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
ग़ौरतलब है कि पीड़ित प्रेमसिंह पुत्र धीरसिंह राजपूत निवासी रौत ने 8 जनवरी 2026 को थाना महुवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 दिसंबर 2025 की शाम उसने अपना ई-रिक्शा घर के सामने खड़ा किया था। अगले दिन सुबह देखा तो अज्ञात व्यक्ति ई-रिक्शा से चार बैटरियां और एक स्पीकर चोरी कर ले गए। इस पर थाना महुवा में प्रकरण संख्या 18/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर वीरेन्द्र उर्फ विक्रम मीना (25) निवासी हडिया, थाना महुवा जिला दौसा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।