अनिल कुमार
स्मार्ट हलचल ब्यावर।राज्य सरकार के निर्देशानुसार ब्यावर जिले में जल संकट से निपटने और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जिले भर में आगामी 25 मई से 05 जून 2026 तक व्यापक स्तर पर “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का आयोजन किया जाएगा। इस 12 दिवसीय अभियान के तहत विभिन्न सरकारी विभागों के समन्वय से जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), स्वच्छता और बड़े पैमाने पर पौधारोपण जैसी जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
पारंपरिक जल स्रोतों का होगा कायाकल्प
अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को पानी की हर बूंद का महत्व समझाना और पारंपरिक जल स्रोतों जैसे तालाबों, बांधों, नहरों व बावड़ियों को नया जीवन देना है। जिला स्तरीय नोडल अधिकारी और जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीना ने बताया कि इस अभियान को एक ‘जन आंदोलन’ का रूप दिया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर उपखण्ड अधिकारियों को नोडल और खण्ड विकास अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गंगा दशहरा पर जवाजा तालाब से होगा शंखनाद
अभियान का भव्य शुभारंभ 25 मई को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जवाजा तालाब की पाल पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम से होगा। यहाँ वंदे गंगा कलश यात्रा, जल पूजन, दीप प्रज्वलन, पीपल पूजन और पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही, स्थानीय किसानों के सहयोग से जवाजा बांध पर विशेष श्रमदान और सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा मसूदा के नारायण सागर बांध और रायपुर लूणी बांध पर भी जल पूजन व स्वच्छता के कार्यक्रम होंगे।
विभागों को सौंपी जिम्मेदारी, होंगे विविध आयोजन
अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं:
ग्रामीण विकास विभाग प्राचीन तालाबों व जोहड़ों की मैपिंग और मरम्मत करेगा तथा गांवों में ‘जल चौपाल’ लगाएगा।
कृषि विभाग किसानों को सूक्ष्म सिंचाई और जैविक खेती के प्रति जागरूक करेगा।
वन विभाग द्वारा ‘हरियालो राजस्थान’ के तहत तुलसी के पौधों का वितरण और पौधारोपण की अग्रिम तैयारियां की जाएंगी।
शिक्षा विभाग के जरिए स्कूलों में निबंध, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और प्रभात फेरियों का आयोजन होगा।
पशुपालन विभाग गौशालाओं में चिकित्सा शिविर और सफाई अभियान चलाएगा, वहीं उद्योग विभाग वाटर ऑडिट (जल उपयोग अंकेक्षण) करेगा।
31 मई को सजेगी जन-जागरूकता रैली और साइकिल मार्च
अभियान के तहत 31 मई को विशेष जागरूकता गतिविधियां होंगी। ब्यावर नगर परिषद द्वारा कृषि उपज मंडी (उदयपुर रोड) से सेदरिया तालाब तक एक विशाल जन-जागरूकता और साइकिल रैली निकाली जाएगी। सेदरिया तालाब पर महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई के साथ ही प्लास्टिक मुक्त अभियान की शुरुआत की जाएगी।
बेहतरीन काम करने वालों को मिलेगा ‘जल गौरव सम्मान’
इस महाअभियान का समापन 05 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) को होगा। इस अवसर पर जिले में जल और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले भामाशाहों, स्वयंसेवी संगठनों (NGOs), ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और अग्रणी ‘जल योद्धाओं’ को राज्य सरकार की ओर से “जल गौरव सम्मान” से नवाजा जाएगा।
