जनसुनवाई में विधायक मनीष यादव ने सुनी आमजन की समस्याएं

मामराज मीणा

-कई मामलों में मौके पर ही कराया समाधान

स्मार्ट हलचल|शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक मनीष यादव ने अपने निवास बिलांदरपुर पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, राजस्व एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई के दौरान ऊदावाला गांव के ग्रामीणों ने एनएच-48 से ऊदावाला रोड पर बने बड़े-बड़े गड्ढों की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। विधायक मनीष यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों से बात की और सड़क पर जीएसबी डलवाकर गड्ढों को भरवाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क का शीघ्र नवीनीकरण कराने के लिए आश्वस्त किया।

इसी प्रकार मनोहरपुर श्मशान भूमि के रास्ते में लंबे समय से हो रहे पानी भराव की समस्या को भी तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर जेसीबी मशीन भेजकर रास्ते से पानी की निकासी करवाते हुए समस्या का समाधान कराया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली।
तथा क्षेत्र से आशा सहयोगी महिलाओं ने भी बजट घोषणा के अनुरूप सरकार द्वारा वेतन नहीं बढ़ाने के विरुद्ध ज्ञापन सौंपा जिसको लेकर विधायक ने मामला सरकार के समक्ष रखने की बात कही

विधायक मनीष यादव ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद जो लोकतंत्र की पहचान है। क्षेत्र के विकास और आमजन की सुविधाओं के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। विधायक ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए।