पुरानी धानमंडी में अधजली होली से फैली अव्यवस्था, नगर निगम की अनदेखी पर उठे सवाल

(महेन्द्र नागौरी)

सब्जी मंडी चौक में कांटेदार सरियों से रास्ता बाधित, व्यापारियों व आमजन को हो रही परेशानी; क्षेत्रवासियों में आक्रोश

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|शहर की प्रसिद्ध पुरानी धानमंडी क्षेत्र में होली दहन के बाद अधजली होली और बिखरे अवशेषों से अव्यवस्था फैल गई है। सब्जी मंडी चौक में होली के चारों ओर लगाए गए कांटेदार सरियों और अधजले ढांचे के कारण बाजार में आने-जाने वाले लोगों और सब्जी विक्रेताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार क्षेत्र के जमादार और सफाई कर्मियों को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे क्षेत्रवासियों और व्यापारियों में नगर निगम के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि हिंदू शास्त्रों के अनुसार होली दहन पूर्ण रूप से होना चाहिए। अधजली होली को खुले में छोड़ना आस्था के साथ खिलवाड़ माना जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में समिति सदस्यों की जिम्मेदारी बनती है कि कार्यक्रम के बाद व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए।
लोगों ने यह भी कहा कि किसी भी सार्वजनिक आयोजन से पहले नगर निगम से अनुमति लेना आवश्यक है और कार्यक्रम के बाद स्थल की साफ-सफाई भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। हिंदू परंपरा के अनुसार होली दहन के अवशेषों का तुरंत विसर्जन तालाब या कुएं में किया जाना चाहिए, तभी यह आयोजन पूर्ण और शुभ माना जाता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जल्द कार्रवाई कर मंडी क्षेत्र में फैली अव्यवस्था को दूर करने की मांग की है, ताकि बाजार की व्यवस्था सामान्य हो सके और लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।