अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर -स्मार्ट हलचल|सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदेश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित डॉ. मनीषा सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व ने उनके अनुभव, सामाजिक सक्रियता और प्रभावशाली वक्तृत्व क्षमता को देखते हुए यह दायित्व दिया है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी द्वारा जारी सूची में डॉ. मनीषा सिंह का नाम शामिल किया गया है। उनकी नियुक्ति को पार्टी की मीडिया और जनसंपर्क रणनीति को और सशक्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
डॉ. मनीषा सिंह लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रही हैं. महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके कार्यों को प्रदेश स्तर पर सराहा गया है। इन्हीं सेवाओं के चलते उन्हें प्रदेश के सर्वोच्च सामाजिक सम्मान से नवाजा गया था. डॉ. मनीषा सिंह संगठन की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखेंगी, साथ ही वे विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देंगी। उनकी नियुक्ति से भाजपा को एक सशक्त, संवेदनशील और मुखर महिला नेतृत्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जो पार्टी की आवाज को हर मंच पर मजबूती से प्रस्तुत करेगी. प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर डॉ. मनीषा सिंह ने कहा कि “पार्टी ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है, उसे मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाऊंगी. भाजपा की विचारधारा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन के कार्यों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना मेरी प्राथमिकता रहेगी. उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे, इसके लिए भाजपा निरंतर कार्य कर रही है और वे इस संदेश को हर मंच पर मजबूती से रखेंगी, साथ ही विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का तथ्यों के साथ जवाब दिया जाएगा।













