ओवरलोड बजरी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सड़कों को नुकसान पहुंचने का आरोप, नवनिर्वाचित सरपंच व जनप्रतिनिधियों से सड़क एवं नाली निर्माण करवाने की उम्मीद
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड एवं पंचायत समिति क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटोली के नाहरी गांव में इन दिनों मुख्य मार्ग सहित गली-मोहल्लों के आम रास्तों की हालत बदहाल बनी हुई है। गांव में नालियों का अभाव, पुरानी क्षतिग्रस्त नालियां तथा पानी की समुचित निकासी व्यवस्था नहीं होने के चलते जगह-जगह कीचड़ जमा है। वहीं, सड़कों पर कई स्थानों पर एक से दो फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। ऐसे में ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों एवं युवाओं का आरोप है कि नाहरी गांव के रास्तों से दिन-रात रोजाना करीब 40 से 50 ओवरलोड बजरी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजरती हैं। भारी वाहनों के लगातार आवागमन के चलते गांव की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। वहीं, पहले से बदहाल रास्तों पर जमा कीचड़ एवं गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों के साथ दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
नाली व पानी निकासी की व्यवस्था का अभाव
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क निर्माण के साथ-साथ पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था भी जरूरी है। नालियां नहीं होने और पुरानी नालियों के क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी रास्तों में फैल जाता है। इससे आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। बारिश के दौरान हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
नवनिर्वाचित सरपंच व सीआर से समाधान की उम्मीद
इस संबंध में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत पाटोली की नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती लाड़ देवी राकेश मीणा व पंचायत समिति सदस्य कमोद अमृत लाल मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से गांव की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने मुख्य सड़क एवं गली-मोहल्लों के रास्तों का नए सिरे से निर्माण करवाने, आवश्यकतानुसार ग्रेवल एवं सीसी सड़क बनवाने तथा पानी की समुचित निकासी के लिए नई नालियों का निर्माण करवाने की मांग उठाई है। अब ग्रामीणों की निगाहें नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि गांव की बदहाल सड़कों, कीचड़ एवं जल निकासी की समस्या के समाधान को लेकर पंचायत स्तर पर कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।