बानसूर। क्षेत्र के हरसौरा थाना इलाके के ग्राम पंचायत ईशरा का बास में सरपंच के पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने हरसौरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। मदनलाल मेघवाल ने बताया कि उनकी पत्नी सुमित्रा देवी ईशरा का बास की सरपंच हैं। बुधवार शाम को वे गांव में लगने वाले मेले के लिए आम रास्ते की सफाई करवा रहे थे। इसी दौरान गुरुदयाल गुर्जर, हनुमान गुर्जर सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौच करने लगे। विवाद बढ़ने पर गुरुदयाल गुर्जर ने मदनलाल पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
