खजूरी पंचायत समिति में प्रधान की कुर्सी का काउंटडाउन शुरू, नवनिर्वाचित सदस्यों को बैठक के नोटिस जारी

20 नवंबर को रिटर्निंग अधिकारी ने जारी किए आदेश, 22 नवंबर शाम 5 बजे तक नोटिस तामील करवाने के निर्देश; अब प्रधान और उपप्रधान के चुनाव पर टिकी निगाहें

जहाजपुर अलकेश पारीक

खजूरी।स्मार्ट हलचल।पंचायत राज आम चुनाव 2026 की मतगणना पूरी होने के साथ ही अब खजूरी पंचायत समिति में प्रधान एवं उपप्रधान के निर्वाचन की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। पंचायत समिति की सत्ता किसके हाथों में होगी और प्रधान की कुर्सी पर कौन काबिज होगा, इसे लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है।इसी बीच रिटर्निंग अधिकारी (सहायक कलेक्टर जहाजपुर) की ओर से 20 नवंबर 2026 को प्रधान एवं उपप्रधान के निर्वाचन को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार पंचायत समिति खजूरी के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 01 से 15 तक के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को प्रथम बैठक का नोटिस जारी किया गया है।

रिटर्निंग अधिकारी ने तहसीलदार जहाजपुर को निर्देशित किया है कि सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को नियमानुसार नोटिस तामील करवाए जाएं। साथ ही पंचायत समिति एवं समस्त ग्राम पंचायतों के नोटिस बोर्ड पर भी नोटिस चस्पा करवाकर इसकी पालना सुनिश्चित की जाए।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 22 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक सभी नोटिस तामील करवाकर इसकी पूर्ण जानकारी रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करवाई जाए।

अब प्रधान पद को लेकर बढ़ेगी राजनीतिक सरगर्मी

मतगणना के बाद अब खजूरी पंचायत समिति में प्रधान एवं उपप्रधान के निर्वाचन को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजरें टिकी हैं। नवनिर्वाचित सदस्यों की भूमिका इस चुनाव में अहम रहने वाली है। प्रशासनिक स्तर पर निर्वाचन की तैयारियां शुरू होने के साथ ही अब क्षेत्रवासियों को उस दिन का इंतजार है, जब खजूरी पंचायत समिति को नया प्रधान मिलेगा और सत्ता की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।