दुख में भी दूसरों की जिंदगी संवार गया शाह परिवार, पेश की मानवता की मिसाल

शाह परिवार के नेक फैसले से दो लोगों की दुनिया होगी रोशन, मरणोपरांत कराया कांता देवी का नेत्रदान

(पंकज पोरवाल)

पति गुलाबचंद शाह, पुत्रों और परिजनों ने दी नेत्रदान की सहमति, लायंस क्लब स्टार की टीम ने देर रात पहुंचकर संपन्न कराई प्रक्रिया

भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल।अपनों को खोने का गम और किसी दूसरे के जीवन में रोशनी लाने का संकल्प… शाह परिवार ने दुख की घड़ी में मानवता की ऐसी मिसाल पेश की, जो समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी। स्वर्गीय कांता देवी शाह (जैन) के निधन के बाद उनके पति गुलाबचंद शाह, पुत्र मनीष एवं नीरज शाह तथा पौत्र-पौत्रियों ने सहमति देकर उनका मरणोपरांत नेत्रदान करवाया। इससे दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को इस खूबसूरत दुनिया को देखने का अवसर मिल सकेगा। कुमुद विहार-2, हरनी महादेव रोड निवासी स्वर्गीय कांता देवी शाह, धर्मपत्नी गुलाबचंद शाह (चेची वाले) के निधन की सूचना के बाद लायंस क्लब इंटरनेशनल प्रांत 3233 ई-2 के प्रांतपाल एमजेएफ लायन डॉ. निशांत जैन के विशेष सहयोग एवं प्रयासों से नेत्रदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, भीलवाड़ा चैप्टर के अध्यक्ष राकेश पगारिया ने बताया कि शोकाकुल वातावरण में भी शाह परिवार ने नेत्रदान का निर्णय लेकर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। लायंस क्लब स्टार की लायन दिव्या बांगड़ एवं श्वेता पोखरणा ने बताया कि लायंस आई बैंक की ओर से डॉ. प्रतिष्ठा छिपा के निर्देशन में वरिष्ठ नेत्र सहायक चेतन भट्ट ने रात्रि 12.30 बजे शाह परिवार के निवास पर पहुंचकर नेत्र उत्सर्जन की प्रक्रिया पूरी की। कैबिनेट सेक्रेटरी लायन अभिषेक खजांची ने बताया कि इस पुनीत कार्य में शाह परिवार के राजेंद्र कुमार, अनिल, अशोक, मनीष, सरिता, नीरज, मनीषा, प्रियांश, आर्ष शाह सहित चंदा-निर्मल गोधा (कोटड़ी) एवं मनीषा-अशोक बेद (भीलवाड़ा) का सहयोग रहा। केसर ग्रुप से जुड़ी प्रियल, प्रियांश, आर्य एवं आरना सहित समस्त शाह परिवार का यह निर्णय समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला है। लायंस क्लब स्टार के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त शाह परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।