शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|भीषण गर्मी में जहां इंसान भी प्यास से व्याकुल हो उठता है, वहीं बेजुबान पक्षियों की पीड़ा को समझते हुए शाहपुरा की जीव दया सेवा समिति ने एक सराहनीय पहल की है। नूर बाग स्थित दरगाह परिसर से “परिंडे लगाओ अभियान” की शुरुआत कर समिति ने पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का बीड़ा उठाया है।
इस अभियान की खास बात यह रही कि शाहपुरा की मिट्टी से बने परिंडों की खुशबू अब देश की सीमाएं लांघकर सऊदी अरब तक पहुंचेगी। नूर बाग में जियारत करने आए अजमेर जिले के कायमपुरा निवासी तयब खां कायमखानी और अलीपुरा निवासी अलादीन खां कायमखानी ने जब इन परिंडों को देखा, तो वे भावुक हो उठे। उन्होंने बताया कि वे सऊदी अरब और अमीरात में निजी व्यवसाय करते हैं और वहां भी इस तरह की सेवा शुरू करना चाहते हैं, ताकि पक्षियों को राहत मिल सके।
समिति के संयोजक अतू खां कायमखानी ने उनकी भावना का सम्मान करते हुए दोनों जायरीनों को पांच निशुल्क परिंडे भेंट किए। इस दौरान जायरीनों के हाथों ही परिंडे लगवाकर अभियान का शुभारंभ किया गया, जिससे यह सेवा कार्य और भी प्रेरणादायक बन गया।
कार्यक्रम में फरहान खां, आशिफ खां, एजाज खां, तुफैल, अरबाज खां, आफरीन खां, बिलाल खां, अदनान खां, दानिश खां सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसे मानवता और जीव दया का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
संयोजक अतू खां कायमखानी ने इस अवसर पर कहा कि यदि किसी कार्य को सच्ची लगन और निष्ठा से किया जाए तो पूरी कायनात उसे सफल बनाने में लग जाती है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में हर व्यक्ति अपने घर की छत, बालकनी या किसी छायादार स्थान पर एक परिंडा जरूर लगाए और उसमें प्रतिदिन पानी व दाना डाले, ताकि बेजुबान पक्षियों को जीवन मिल सके।
समिति के अनुसार यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे ग्रामीण क्षेत्रों तक भी विस्तार दिया जाएगा। आने वाले दिनों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर इस सेवा कार्य को जन आंदोलन का रूप देने का लक्ष्य रखा गया है। शाहपुरा की इस छोटी सी पहल ने यह साबित कर दिया है कि सच्ची सेवा की कोई सीमा नहीं होती। मिट्टी के परिंडों से उठी यह खुशबू अब विदेशों तक पहुंचेगी और मानवता का संदेश पूरी दुनिया में फैलाएगी।
