गांवों की चौपाल से मतदान केंद्रों तक लोकतंत्र का उत्साह, व्यवस्थाएं परखने पहुंचे जिला निर्वाचन अधिकारी

100 ग्राम पंचायतों में सरपंच-पंच चुनाव के बीच कमल राम मीना ने संभाला मोर्चा, आधा दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल।पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण में सोमवार को जिले की तीन पंचायत समितियों की 100 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान हुआ। गांवों में सुबह से ही मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दिया। लोकतंत्र के इस महापर्व में ग्रामीणों की भागीदारी के बीच जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।मतदान को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने पिपलिया, लीलाम्बा, शेरगढ़, जसवंतपुरा लहरी, पिपलाज एवं कुशालपुरा सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते हुए निर्वाचन व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधाओं तथा बिजली, पेयजल, स्वच्छता और छाया जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान करने पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।

जिलेभर में मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी गई। प्रशासन का प्रयास रहा कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी दबाव और परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके तथा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।