ऊकरूंद में श्रीमद् भागवत कथा की गूंज, भक्त प्रहलाद चरित्र सुन श्रद्धालु हुए भाव-विभोर

नीरज मीणा

मंडावर।स्मार्ट हलचल/ उपखंड क्षेत्र के समीप ऊकरूंद गांव में चल रहे श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ समारोह में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। यह धार्मिक आयोजन 21 मई से प्रारंभ हुआ, जिसमें प्रतिदिन भगवान के विभिन्न स्वरूपों एवं लीलाओं का मनमोहक वर्णन किया जा रहा है।
शनिवार को आयोजित कथा में भक्त प्रहलाद चरित्र का भावपूर्ण वर्णन कथा वाचक आरती शास्त्री द्वारा अपने मुखारविंद से किया गया। कथा के दौरान भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति, सत्य और भगवान के प्रति समर्पण का वर्णन सुन श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजनकर्ता गिरधारी लाल मीणा ने बताया कि श्रीमद् भागवत सप्ताह की पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन 28 मई, गुरुवार को किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है।
धार्मिक कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं सेवाओं में हेमराज एवं करण सहित कई युवाओं का विशेष सहयोग रहा।