तूफान ने लाइट के उपकरणों को किया ध्वस्त, तूफान से क्षेत्र में बिजली बंद, 24 घंटे से अंधेरे में गांव

लाखेरी -स्मार्ट हलचल।लाखेरी उपखंड के देहीखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम अचानक मौसम मे बदलाव हुआ और तेज धूल भरी आंधी आई जिसके कारण लाइट के पोल‌ एवं टीनशैड को भारी नुक़सान पहुंचा। क्षेत्र में तेज अंधड़ से बिजली विभाग से जुड़े उपकरणों को भारी नुक़सान हुआ। घाट का बराणा जीएसएस से जुड़े आजन्दा फीडर की विद्युत लाइन पर घाट का बराणा के निकट करीब पांच बिजली पोल टूट गए, जबकि आधा दर्जन से अधिक पोल क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर पेड़ बिजली तारों पर गिरने से दर्जनों इंसुलेटर भी टूट गए। अंधड़ के कारण घाट का बराणा, आजन्दा, कोटड़ी और बलदेवपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों में दर्जनों पेड़ धराशायी हो गए। वहीं करीब आधा दर्जन मकानों की टिन की चादरें तेज हवाओं में उड़ गईं। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बिजली तंत्र को हुए भारी नुकसान के चलते आजन्दा क्षेत्र के कोटडी बलदेवपुरा कोडक्या आजन्दा गाँवो में 24 घंटे बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। विद्युत विभाग की टीम लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। सहायक अभियंता श्री लाल जाटव पूरे दिन मौके पर रहकर कार्यों की निगरानी करते रहे तथा बिजली व्यवस्था को शीघ्र सुचारु करने के प्रयास करते रहे। इस दौरान बिजली तकनीशियन कन्हैयालाल मीणा, राकेश मीणा सहित विभागीय कर्मचारी टीम के साथ क्षतिग्रस्त पोल, तारों और इंसुलेटरों को बदलने के कार्य में लगे रहे। विभाग का कहना है कि युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी है और जल्द ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।