मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे
राम राज्याभिषेक प्रसंग के साथ संपन्न हुई श्रीरामकथा, भाव-विभोर हुए श्रोता
भक्ति, भजन और राम आगमन के जयघोष से गूंजा राधारानी पार्क
कोटा। स्मार्ट हलचल|राधारानी पार्क, रंगबाड़ी योजना सेक्टर–4 में आयोजित श्रीरामकथा के अंतिम दिन कथा पंडाल भक्ति, श्रद्धा और भावनाओं के अनुपम संगम में परिवर्तित हो गया। जैसे ही राम आगमन और राज्याभिषेक का प्रसंग प्रारंभ हुआ, पूरा वातावरण जयघोष और भक्ति रस से सराबोर हो उठा। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर प्रभु श्रीराम के स्वागत में झूमते नजर आए।श्रीकामखेड़ा बालाजी महाराज के पुजारी पंडित तुलसीराम शर्मा ने सीता की अग्नि परीक्षा, राम का अयोध्या आगमन तथा राम राज्याभिषेक प्रसंग का सजीव और भावपूर्ण वर्णन किया। कथा उपरांत विधिवत पूर्णाहुति हवन संपन्न हुआ, जिसके बाद महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।
भजनों की स्वर लहरियों ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को और प्रखर कर दिया। “छम-छम नाचे वीर हनुमाना” और “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे” जैसे भजनों पर श्रोता भक्ति में झूम उठे। ढोलक, मंजीरे और ताल की संगति ने पूरे पंडाल को भक्तिमय उत्साह से भर दिया।
इस अवसर पर ऋतु शर्मा ने बताया कि झांकियों एवं सजीव चित्रण की प्रस्तुति में अजय सक्सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गुरु वशिष्ठ की भूमिका अराध्य शर्मा, राम की भूमिका दिव्या, सीता की भूमिका दिव्यांशी, लक्ष्मण की भूमिका मोनिका तथा कीर्ति द्वारा प्रभावशाली अभिनय किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
मंच संचालन करते हुए कृष्णार्थी राकेश विजयवर्गीय ने कहा कि रामकथा केवल कथा नहीं, बल्कि जीवन को मर्यादा, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
महाआरती में दयाल माहेश्वरी, सत्यनारायण माहेश्वरी, मुकुट शर्मा, ऋषभचंद जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और पुण्य लाभ अर्जित किया।


