खखरेरू/फतेहपुर। स्मार्ट हलचल|नगर पंचायत खखरेरू के चंद्रशेखर नगर में पिछले दो वर्षों से निर्माणाधीन पानी की टंकी आज तक पूरी नहीं हो सकी है। अधूरे निर्माण और पाइपलाइन न बिछने के कारण क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष ठेकेदार द्वारा टंकी की आधी बाउंड्री बनाकर काम बंद कर दिया गया था। इसके बाद से आज तक न तो निर्माण कार्य दोबारा शुरू हुआ और न ही किसी जिम्मेदार विभाग या संस्था ने इस ओर ध्यान दिया।
नगर पंचायत में पहले से बनी एक अन्य पानी की टंकी भी अब तक चालू नहीं हो सकी है, जिससे पूरे कस्बे में जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। इससे सरकार की “हर घर जल” योजना पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि खखरेरू के अहिल्याबाई होल्कर नगर, चंद्रशेखर नगर, कृष्णा नगर, सुखदेव नगर और रामनगर जैसे कई मोहल्लों में आज तक नियमित पानी की सुविधा नहीं पहुंच सकी है। वहीं, चंद्रशेखर आजाद नगर में भी टंकी का निर्माण अधर में लटका हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही पानी की समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
निवासियों की मांग
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द टंकी निर्माण कार्य पूरा कराने और पाइपलाइन बिछाकर नियमित जलापूर्ति शुरू करने की मांग की है, ताकि उन्हें पेयजल संकट से राहत मिल सके।
जिम्मेदारों का पक्ष
इस संबंध में नगर पंचायत या संबंधित विभाग के अधिकारियों का पक्ष नहीं मिल सका है।
