दिलखुश मीणा
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|उपखंड मुख्यालय सावर में राजीविका मिशन का वार्षिक मेला उत्साह और उमंग के साथ आयोजित हुआ। समारोह में सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी रही, जहां विधायक शत्रुघन गौत्तम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
संस्थान की ओर से जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना के तहत महिला निधि बैंक से 170 महिलाओं को 1.70 करोड़ का लोन दिलवाया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा से 16 समूहों को 48 लाख और ग्रामीण उद्यमिता कार्यक्रम में 84 महिलाओं को 73 लाख का ऋण स्वीकृत किया गया है।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गौत्तम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राजीविका मिशन की शुरुआत की थी। आज ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि “एक बेटी के पढ़ने से उसका घर स्वर्ग बन जाता है और सात पीढ़ियों तक परिवार का नाम रोशन होता है।”
क्षेत्र के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नसीराबाद–केकड़ी–सावर–देवली मार्ग को फोरलेन बनाने का कार्य जल्द शुरू होगा। प्रथम चरण में देवली–सावर–केकड़ी तक सड़क निर्माण का टेंडर जारी हो चुका है। साथ ही केकड़ी में रोडवेज डिपो शुरू होने के बाद हर पंचायत मुख्यालय तक रोडवेज बसें चलाई जाएंगी।
जल संकट पर समाधान बताते हुए गौत्तम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सावर, गुलगांव और कुशायता में पंपिंग स्टेशन स्वीकृत किए हैं, जिनके बनने से पानी की समस्या स्थायी रूप से खत्म होगी।
पूर्व विधायक रघु शर्मा पर निशाना साधते हुए गौत्तम ने कहा कि “पिछले साल फसल खराबे पर 75 करोड़ का मुआवजा किसानों को दिया गया था और इस साल की राशि भी शीघ्र जारी होगी, जबकि रघु शर्मा बिना जानकारी के केवल बयानबाजी कर रहे हैं।”
इस अवसर पर भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह शक्तावत, रायचंद बागड़ी, यूथ अध्यक्ष मनजीत सिंह शक्तावत और मनोज कहार ने भी संबोधित किया। अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण और साफा पहनाकर किया गया।
कार्यक्रम में डीआरपी हेड नितेश सुथार, बीपीएम प्रह्लाद मीणा, सीएम पूजा राठौड़, मिथलेश, संगीत शर्मा, ललिता देवी, अध्यक्ष बबली पाराशर सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।


