विश्व प्रसिद्ध बादशाह मेला इस बार और अधिक भव्य व आकर्षक होगा — जिला कलेक्टर कमल राम मीना

अनिल कुमार

*ब्यावर में होली एवं बादशाह मेले की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित*

ब्यावर, 18 फरवरी। स्मार्ट हलचल|जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभागार में होली एवं बादशाह मेले की आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जिला कलेक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर कमल राम मीना ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध बादशाह मेले को इस बार और अधिक ख्याति एवं आकर्षक रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन द्वारा अतिरिक्त प्रयास किए जाएंगे तथा बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

बैठक में मेला संयोजक बादशाह मेला समिति द्वारा अवगत कराया गया कि 4 मार्च को बादशाह मेले का आयोजन किया जाएगा। सभी विभागों से आपसी समन्वय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार संपन्न कराने का आह्वान किया गया।

बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात, चिकित्सा, विद्युत, पेयजल, सफाई, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय

कानून एवं शांति व्यवस्था-
मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था तथा महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

शराब पीकर अशांति फैलाने वालों तथा अनुचित तरीके से गुलाल फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियंत्रण हेतु अतिरिक्त ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

नगर परिषद द्वारा व्यवस्थाएं-
मेला मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, मंच, साउंड, आतिशबाजी एवं रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।

सवारी मार्ग में बाधक पेड़ों की टहनियों को हटाया जाएगा तथा अनधिकृत दुकानों को नियंत्रित कर भीड़ प्रबंधन किया जाएगा।
मेले में अच्छी गुणवत्ता की लाल गुलाल का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

मेले से पूर्व आवारा पशुओं को नियंत्रित किया जाएगा तथा मेला समाप्ति के बाद शहर एवं मार्ग की सफाई करवाई जाएगी।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था-
संभावित दुर्घटनाओं, चर्म एवं नेत्र रोग आदि के उपचार हेतु राजकीय चिकित्सालयों में विशेष व्यवस्था की जाएगी।

मेले के दिन जिला कार्यालय में मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस तैनात रहेगी तथा गुलाल के नमूनों की गुणवत्ता जांच की जाएगी।

विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था-
विद्युत विभाग द्वारा ढीले तारों को ठीक कर उनकी ऊंचाई सुनिश्चित की जाएगी तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखी जाएगी।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा निर्धारित स्थलों पर पेयजल टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे।

अग्निशमन एवं परिवहन व्यवस्था-
अग्निशमन विभाग द्वारा फायर वाहन अलर्ट रखे जाएंगे।

राजस्थान राज्य परिवहन निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से यात्रियों एवं पर्यटकों के लिए बसों का संचालन किया जाएगा तथा मेले के बाद अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।

जनसम्पर्क एवं अन्य व्यवस्थाएं-
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा सुरक्षित एवं अच्छी गुणवत्ता की गुलाल उपयोग करने की अपील जारी की जाएगी।
मेला समिति द्वारा सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरा एवं वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाएगी।

बीएसएनएल एवं विद्युत विभाग द्वारा सवारी मार्ग के ढीले तारों को व्यवस्थित किया जाएगा।

बैठक के अंत में सभी विभागों एवं जनसंस्थाओं से समन्वय एवं सहयोग के साथ होली एवं बादशाह मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का आह्वान करते हुए बैठक समाप्त की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं बादशाह मेला समिति के सदस्य अमित बंसल, मुकेश गर्ग, अजय गोयल, कमल सर्राफ, मेला संयोजक बादशाह मेला समिति ब्यावर , अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, संजय गहलोत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कुलज्योति जिला परिवहन अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles