रेखचंद्र भारद्वाज
घटना के 40 महीने बाद आरपीएस अधिकारी नरेश कुमार चनेजा ने कड़ी मेहनत से सुलझाई वारदात
पेशेवर अंतरराज्यीय बावरी गैंग के तीन चोर गिरफ्तार
सात किलोग्राम चांदी बरामद
जुरहरा, जिला डीग : स्मार्ट हलचल|जुरहरा क़स्बे में 27 दिसम्बर 2022 को सुबह चार बजे सर्राफा व्यापारी महेन्द्र कुमार जैन के ज्वेलरी शोरूम में हुई बहुचर्चित चोरी की घटना का गुरुवार को जुरहरा थाना पुलिस के द्वारा खुलासा करते हुए चोरी की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है साथ ही पुलिस टीम के द्वारा सात किलोग्राम चांदी को बरामद किया गया है। उक्त वारदात को 40 महीने के बाद आरपीएस अधिकारी नरेश कुमार चनेजा व उनकी टीम के द्वारा गहनता से काम करते हुए करीब पांच हजार किलोमीटर की सड़क यात्रा करते हुए चोरी की वारदात का पर्दाफाश करने में सफलता प्राप्त की है।
क्या था पूरा मामला- दिनांक 27.12.2022 को जुरहरा कस्बे के सर्राफा बाजार में महेन्द्र जैन की ज्वैलरी शॉप में 06 नकाबपोश चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था जिसमें मुताबिक एफआईआर 90-95 किलोग्राम चांदी और 450 ग्राम सोने के आभूषणों की चोरी की गई थी। जिस पर पुलिस थाना जुरहरा में प्रकरण संख्या 0366/2022 धारा 457, 380 भा.दं.सं. में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस द्वारा माल व मुलजिमान की काफी तलाश की गई लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पाई।
और मामले को बंद कर दिया गया लेकिन हाल ही में जिला पुलिस अधीक्षक डीग श्रीशरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में नरेश कुमार चनेजा आर.पी.एस. अधिकारी (प्रो.) पुलिस थाना जुरहरा को उक्त मामले को सौंपा गया जिसमें आर.पी.एस. (प्रो) नरेश कुमार चनेजा द्वारा चोरी के घटनास्थल का बारीकी से अवलोकन किया गया और घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की शारीरिक बनावट (कद-काठी), चलने का तरीका एवं चोरी करने के तौर-तरीकों का गहनता एवं बारीकी से विश्लेषण किया गया। विश्लेषण के आधार पर उन्होंने पेशेवर अंतरराज्यीय बावरी गैंग की पहचान की। अंतरराज्यीय बावरी गैंग के ठिकानों एवं फरारी काटने के स्थानों को चिन्हित किया गया एवं उनकी रैकी की गई। पेशेवर अंतरराज्यीय बावरी चोर गैंग की कार्यप्रणाली एवं पारिवारिक पृष्ठभूमि से संबंधित सभी जानकारी जुटाई गई। उन जानकारीयों एवं पूर्व में बावरी गैंग द्वारा अन्य राज्यों में अंजाम दी गई चोरी की घटनाओं का गहनता से विश्लेषण किया गया एवं साक्ष्य एकत्रित किए गए। पेशेवर अंतरराज्यीय बावरी चोर गैंग के सक्रिय सदस्यों की जानकारी तकनीकी एवं स्थानीय मुखबिर तंत्र के आधार पर एकत्रित की गई। चोरी में शामिल एक आरोपी को हाथ में पहने हुए कड़े के आधार पर चिन्हित किया गया। आरोपियों की गतिविधियों को लगातार ट्रैक किया गया। तकनीकी सहायता, स्थानीय मुखबिर तंत्र, संदिग्ध के स्कैच आदि के आधार पर तथा नूंह चोरी की घटना के आरोपी से पूछताछ के आधार पर जुरहरा में ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी की घटना में शामिल बावरी गैंग के सभी सदस्यों की पहचान की गई है। आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज उनके पारिवारिक सदस्यों को दिखाई गई जिसने पूर्व में की गई आरोपियों की पहचान को सत्यापित किया। उक्त मामले में जांच के दौरान आर.पी.एस (प्रो.) नरेश कुमार चनेजा ने अपनी टीम के साथ करीब 5000 किलोमीटर से भी अधिक दूरी तय कर बावरी गैंग के ठिकानों एवं फरारी काटने के स्थानों पर दबिश दी एवं औरैया (उत्तर प्रदेश) से दीपक उर्फ दीपू पुत्र मदन बावरी को गिरफ्तार किया वहीं घटना के 02 अन्य आरोपियों आर्य सिंह उर्फ भारत पुत्र वीरेन्द्र बावरी एवं यादराम बावरी पुत्र रामलाल बावरी को प्रोटेक्शन वारंट पर गिरफतार किया और उनसे सात किलोग्राम चांदी भी बरामद की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में लिप्त अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफतार किया जावेगा और उनसे माल बरामदगी की प्रक्रिया की जावेगी।
उक्त मामले का पर्दाफाश करने में जहां आरपीएस अधिकारी नरेश कुमार चनेजा की मुख्य भूमिका रही वहीं उनकी टीम में एएसआई रणजीत सिंह पुलिस थाना जुरहरा, कांस्टेबल जयपाल सिंह पुलिस थाना जुरहरा, डीएसटी से प्रभारी वीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रामवीर, कांस्टेबल परसराम, सायबर सैल जिला ड़ीग से कांस्टेबल नेतराम व कांस्टेबल नरेश कुमार शामिल रहे। जिन्होंने कड़ी मेहनत व मशक्कत के बाद चोरी की बड़ी घटना का खुलासा करने में सफलता पाई है।
चोरी की वारदात का खुलासा होने की खबर मिलते ही क़स्बे के व्यापारियों ने साफा बांधकर आरपीएस अधिकारी नरेश कुमार चनेजा, एएसआई रणजीत सिंह व उनकी टीम का स्वागत-सम्मान करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया गया।
फोटो-01 जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में घटना का खुलासा करते जिला पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारी।
