रेखचंद्र भारद्वाज
जुरहरा, जिला डीग :स्मार्ट हलचल|क़स्बे में रविवार की रात्रि को अज्ञात चोर चौपड़ा बाजार में स्थित एक क्लिनिक का ताला तोड़कर दराज में रखे करीब 35-50 हजार रुपयों को चुराकर ले गए। सूचना पर पहुंची जुरहरा थाना पुलिस ने क्लीनिक का मौका-मुआयना किया। पीड़ित चिकित्सक ने चोरी की घटना की रिपोर्ट जुरहरा थाने में दर्ज कराई है। जुरहरा थाने में दी गई रिपोर्ट में निजी चिकित्सक डॉ. सोहनलाल शर्मा ने बताया कि रविवार की रात्रि समय करीब 8:00 बजे वे अपने क्लीनिक को ताला लगाकर घर आए थे और सोमवार को सुबह 5 बजे ही भरतपुर चले गए। उनके पास करीब 10 बजे फोन पहुंचा कि उनकी दुकान का ताला टूटा हुआ है। भरतपुर से आकर उन्होंने अपनी दुकान को देखा तो उनके गल्ले से करीब 35-40 हजार रुपए गायब थे जिन्हें कोई अज्ञात चोर चुराकर ले गया है। पीड़ित डॉक्टर ने चोरी की घटना के बारे में जुरहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। गौरतलब है कि जुरहरा क़स्बे में कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं और आए दिन बाइक चोरी होने की भी घटनाएं सामने आ रही हैं।
