संजय चौरसिया
स्मार्ट हलचल|हरनावदाशाहजी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बनता जा रहा है। ताजा मामला सालरखो गांव का है, जहां सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान की दीवार में सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सालरखो निवासी सुरेश लोधा के घर में चोरों ने पिछवाड़े की दीवार तोड़कर प्रवेश किया। घटना के समय घर के सदस्य गर्मी के कारण बाहर बरामदे में सो रहे थे। कूलर और पंखों की आवाज का फायदा उठाते हुए चोरों ने चुपचाप घर में घुसकर करीब 65 हजार रुपए की नगदी और लगभग 15 किलो डोडा पोस्त (पोस्ता दाना) चोरी कर लिया।
चोरों ने घर में रखे कपड़े और अन्य सामान को पास के खेत में फेंक दिया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने केवल कीमती सामान को ही निशाना बनाया। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घटना का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले भी इसी गांव में एक अन्य मकान के पीछे की दीवार में सेंधमारी का प्रयास किया गया था, हालांकि उस समय चोरों को सफलता नहीं मिली। ग्रामीण चंदमोहन लववंशी ने बताया कि गांव में इस प्रकार की यह पहली बड़ी चोरी की घटना है, जिससे लोगों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन वारदातों का खुलासा नहीं किया गया तो क्षेत्र में असुरक्षा की भावना और बढ़ सकती है। पुलिस से अपेक्षा की जा रही है कि वह जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर चोरी का खुलासा करे और क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाए।
