बानसूर। स्मार्ट हलचल|कस्बे के निकटवर्ती ग्राम बिलाली स्थित शीतला माता मंदिर में हुई चोरी की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को पैदल मार्च निकालकर कर विरोध प्रदर्शन किया औंर नारायणपुर एसडीएम दिनेश शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर से दो दानपात्र चुरा लिए थे। इन दानपात्रों में करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और 150 ग्राम चांदी थी। चोरी की यह घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। चोरी की सूचना मिलने पर सुबह हजारों ग्रामीण मंदिर के बाहर जमा हो गए थे। उन्होंने करीब 6 घंटे तक धरना प्रदर्शन कर चोरों को पकड़ने की मांग की थी। उस समय पुलिस प्रशासन ने 7 दिन के भीतर घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। लेकिन घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। बास दयाल थाना प्रभारी प्रदीप सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।


