मोनू सुरेश छीपा
शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|शहर के एसबीआई बैंक के बाहर शनिवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। बैंक से नकदी निकालने के बाद एक व्यक्ति की रुपयों से भरी थैली पर ब्लेड से कट लगाकर अज्ञात चोर ₹75 हजार लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पीड़ित शंकरलाल जांगिड़, निवासी तस्वारिया बासा, एसबीआई बैंक से ₹1 लाख 75 हजार की राशि निकालकर बैंक के सामने स्थित एक दुकान पर फोटोस्टेट कराने गए थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनके हाथ में मौजूद रुपयों की थैली में कट लगाकर उसमें रखे ₹75 हजार निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से बैंक से बड़ी राशि निकालने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
