जहाजपुर में चोरों के हौसले बुलंद: सालासर ज्वेलर्स का शटर उखाड़कर हजारों के जेवर-नकदी पार

देवली रोड पर वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की करतूत; लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में आक्रोश, रात्रि गश्त पर उठे सवाल

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल|कस्बे में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार तड़के अज्ञात चोरों ने देवली रोड स्थित नागदी पुलिया के पास सालासर ज्वेलर्स को निशाना बनाया। बदमाश लोहे के सरिए की मदद से दुकान का शटर ऊपर उठाकर ताले तोड़ते हुए अंदर घुस गए और नकदी व आभूषण समेटकर फरार हो गए। वारदात के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
पड़ोसी दुकानदार ने देखा टूटा शटर, तब चला पता
सुबह पड़ोसी दुकानदार सीपी जैन अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो सालासर ज्वेलर्स का शटर उठा हुआ और ताले टूटे मिले। उन्होंने तुरंत दुकान संचालक जगदीश सोनी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे व्यापारी ने दुकान का सामान बिखरा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दयाराम चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में चोरों की गतिविधियां कैमरों में कैद होना सामने आया है। पीड़ित व्यापारी जगदीश सोनी ने बताया कि चोर करीब 60 से 70 हजार रुपए के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए।
व्यापारियों में नाराजगी, पुलिस गश्त पर सवाल
कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि यदि रात्रि गश्त प्रभावी होती तो मुख्य मार्ग पर स्थित दुकान में इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना चोरों के लिए आसान नहीं होता। लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वर्णकार समाज ने की सख्त कार्रवाई की मांग
स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष सत्यवान सोनी ने जिला पुलिस अधीक्षक से चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए माल की बरामदगी, रात्रि गश्त को मजबूत करने और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

देवली रोड जैसे व्यस्त इलाके में शटर तोड़कर चोरी की घटना होना यह संकेत देता है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है। लगातार हो रही वारदातों के बीच अब पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती चोरों को जल्द गिरफ्तार कर व्यापारियों का भरोसा कायम रखना है।