पीछे की दीवार में बनाया बड़ा सुराख, 7 हजार नकदी और दो वेट मशीनें भी चोरी; सुबह दुकान खुली तो बिखरा मिला सामान
(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|शहर के उपनगर सुवाणा में चोरों ने सर्राफा दुकान को निशाना बनाकर सनसनीखेज सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान के पीछे की दीवार में बड़ा गोल सुराख बनाकर अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपए कीमत के चांदी के जेवरात, नकदी व अन्य सामान समेटकर फरार हो गए। वारदात का पता सुबह दुकान खुलने पर चला तो इलाके में हड़कंप मच गया।
दीवार तोड़ी और दुकान में घुस गए चोर
मामला सदर थाना क्षेत्र के सुवाणा स्थित वर्धमान ज्वेलर्स का है। जानकारी के अनुसार बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे पहुंचकर पहले दीवार में बड़ा सुराख बनाया। इसके बाद इसी रास्ते दुकान के भीतर प्रवेश कर गल्ले और आलमारियों को खंगाला। चोरों ने दुकान में रखे करीब 2 किलो चांदी के जेवरात, 7 हजार रुपए नकद और वजन करने वाली दो वेट मशीनें अपने कब्जे में ले लीं।
वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने ज्वेलरी के खाली डिब्बे और अन्य अनुपयोगी सामान दुकान के पीछे ही फेंक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
सुबह दुकान खोली तो उड़े होश
दुकान मालिक कमलेश चपलोत सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और पीछे की दीवार में बड़ा सुराख बना हुआ था। जांच करने पर जेवरात, नकदी और वेट मशीनें गायब मिलीं। इसके बाद तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने खंगाला मौका, चोरों की तलाश शुरू
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान मालिक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात में शामिल बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
सर्राफा दुकान में दीवार तोड़कर हुई इस सेंधमारी ने सुवाणा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी या मौका देखकर सेंधमारी को अंजाम दिया।
