गंगापुर के डेलाणा गांव में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना

ताले तोड़कर लाखों रुपये का घरेलू एवं कृषि उपयोग का सामान चोरी, 10 हजार रुपये नकद भी ले गए चोर

गंगापुर। स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के डेलाणा गांव में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान के मुख्य द्वार सहित कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर लाखों रुपये का घरेलू एवं कृषि उपयोग का सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी गुरूवार सुबह मकान मालिक के मौके पर पहुंचने पर चली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगापुर निवासी बनवारी लाल पुत्र बद्रीलाल माली एवं उनकी भाभी लक्ष्मी देवी पत्नी रामस्वरूप माली का डेलाणा गांव में आराजी संख्या 1721/2 पर मकान स्थित है। बनवारी लाल बुधवार रात्रि करीब 8 बजे मकान से गंगापुर आ गए थे। अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे जब वे वापस मकान पर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर कमरों एवं अलमारियों के ताले भी टूटे हुए पाए गए।
चोर मकान से डबल डोर फ्रिज, 43 इंच एलईडी टीवी, म्यूजिक सिस्टम, दो गैस सिलेंडर, दो हॉर्स पावर की पानी की मोटर, तीन हॉर्स पावर की दो सबमर्सिबल पंप मोटर, करीब 1600 फीट केबल, बड़े-छोटे भगोने, पूरा किचन सेट, 16 प्लास्टिक कुर्सियां, सोफा सेट, दो स्लीपवेल गद्दे, कृषि कार्य में उपयोग आने वाले फावड़ा, तगारी, गेती, कसी, दांतली एवं साबल सहित अन्य उपकरणों के दो सेट, मिक्सर ग्राइंडर तथा 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
मकान के बाहरी हिस्से में एक कमरा विद्युत विभाग के ठेकेदार रामजी भाई को किराये पर दे रखा है। वे वर्तमान में उत्तर प्रदेश गए हुए हैं, इसलिए उनके कमरे से चोरी हुए सामान की जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है।
पीड़ित बनवारी लाल माली ने 5 नवंबर 2026 को थाना गंगापुर में लिखित रिपोर्ट देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी एवं आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच की जाए तथा चोरों का पता लगाकर चोरी गया सामान बरामद करवाया जाए।