बानसूर।स्मार्ट हलचल| निकटवर्ती ग्राम महनपुर में एक आर्मी जवान के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।सुबेसिंह जाट पुत्र मातादीन जाट वर्तमान में आर्मी में पठानकोट में तैनात हैं और अपनी पत्नी व बच्चों के साथ वहीं रहते हैं। जवान सुबेसिंह दीपावली की छुट्टियां बिताकर 25 अक्टूबर 2025 को घर से पुनः ड्यूटी पर लौट गए थे। उनके पैतृक मकान में लंबे समय से ताला लगा हुआ था।जवान के भाई महावीर जाट ने बताया कि वह दोपहर के समय बानसूर गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वे तुरंत घर पहुंचे, जहां अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, अलमारियां और बक्से खुले हुए थे। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। आर्मी जवान सुबेसिंह जाट ने बताया कि चोरों ने घर में रखें 2 जोड़ी सोने की चैन,6 सोने की अंगूठी,9 चांदी की अंगूठी,2 चांदी के टेटवा,4 सोनें के मंगलसूत्र,4 जोड़ी अकबर जोधा पाजेब,7 जोड़ी चांदी की पाजेब,2 जोड़ी कड़ी,8 पुरानी चांदी के सिक्के, 5 नए चांदी के सिक्के,4 जोड़ी सोने की टोपस ले गए। चोर करीब 22 लाख रुपए के आभूषणों को चुरा ले गए। मामले को लेकर डीएसपी मेघा गोयल ने बताया कि महनपुर में एक सूने मकान में चोरी की घटना हुई है। मकान करीब ढाई महीने से बंद पड़ा हुआ था। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटा रही है। उन्होंने बताया कि मकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा हुआ मिला है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।


