मंडावर थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक: एक साल में 100 के करीब वारदातें, किसानों से लेकर जलापूर्ति तक निशाने पर; ग्रामीण बोले— आखिर कब जागेगी पुलिस?

नीरज मीणा

महवा/मंडावर।स्मार्ट हलचल/ मंडावर थाना क्षेत्र के रसीदपुर ग्राम पंचायत एवं राजगढ़ क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। किसानों के फार्म हाउस, नलकूप, बिजली की केबल और सरकारी जलापूर्ति व्यवस्था तक चोरों के निशाने पर हैं। लगातार हो रही वारदातों के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस की कार्रवाई अब तक अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी है।
जनसेवक भुवनेश त्रिवेदी ने बताया कि पिछले एक वर्ष में रसीदपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में लगभग 100 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन मंडावर पुलिस अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफल नहीं हुई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में हर 10 से 15 दिन के अंतराल में किसी न किसी स्थान पर चोरी की घटना सामने आ जाती है, जिससे ग्रामीणों और किसानों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि रसीदपुर के पास पुलिस चौकी होने के बावजूद नियमित गश्त क्यों नहीं होती और चोरों पर शिकंजा क्यों नहीं कसा जा रहा।
इसी बीच ग्राम राजगढ़ निवासी रामजीलाल मीणा ने मंडावर थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 2 जुलाई 2026 की रात करीब 12:30 बजे अज्ञात चोर उनके फार्म हाउस का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोर संदूक में रखे 70 हजार रुपये नकद, पत्नी के टीका, मंगलसूत्र, चूड़ियां, झुमके सहित सोने के अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। घटना के समय उनकी पत्नी का उपचार नारायण अस्पताल में चल रहा था और पूरा परिवार अस्पताल में मौजूद था। पीड़ित ने चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
वहीं 3 जुलाई 2026 की रात ग्राम राजगढ़ स्थित दो नलकूपों से अज्ञात चोर 60 से 70 फीट बिजली की केबल काटकर ले गए। पीड़ित रामबाबू माली एवं राजेश मीणा ने बताया कि चोरों ने नलकूप की कोठरी के लोहे के किवाड़ हटाकर वारदात को अंजाम दिया। किसानों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई और चोरी गई केबल बरामद करने की मांग की है।
इधर रसीदपुर गांव में गंभीर नदी स्थित पंप हाउस के सामने लगी मोटर की बिजली की केबल भी अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इससे गांव की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई और लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बार मोटरों की केबल चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, सक्रिय चोर गिरोह का जल्द खुलासा करने तथा लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।