आलोक उच्च माध्यमिक विद्यालय का ऐतिहासिक प्रदर्शन,वाणिज्य वर्ग में राजस्थान स्तर पर तृतीय स्थान,विद्यालय के विद्यार्थियों का जिले में प्रथम स्थान पर कब्जा

निंबाहेड़ा |स्मार्ट हलचल|शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की मिसाल कायम करते हुए आलोक उच्च माध्यमिक विद्यालय, निंबाहेड़ा ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणामों में ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने न केवल निंबाहेड़ा ब्लॉक और चित्तौड़गढ़ जिले में, बल्कि राजस्थान स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।

*राज्य व जिला स्तर पर गौरवपूर्ण उपलब्धि*
वाणिज्य संकाय में विद्यालय के दो होनहार विद्यार्थियों शेखर कुमावत एवं सुहानी नवलखा ने 98.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राजस्थान स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया है, साथ ही ये दोनों विद्यार्थी चित्तौड़गढ़ जिले में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर भी रहे। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

*वाणिज्य संकाय में शानदार परिणाम*
अर्हम कोठारी ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय एवं गोरी समदानी ने 91.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। इस संकाय में 41 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 9 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

*विज्ञान संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन*
विज्ञान संकाय में पायल कुमावत ने 96.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। तनिष्का पोरवाल 93.2 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि वर्षा सुथार एवं पीयूष सोमवानी ने 91.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान साझा किया। इस संकाय में 25 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 6 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

*कृषि संकाय में सराहनीय सफलता*
कृषि संकाय में मनीष धाकड़ ने 75.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतिभा मोहिल (73.6 प्रतिशत) द्वितीय एवं नवीन धाकड़ (72.6 प्रतिशत) तृतीय स्थान पर रहे। इस संकाय में 16 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 11 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

*मेधावी विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान*
विद्यालय के 11 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इनमें कृतिका बाहेती, पीयूष सोमवानी, वर्षा सुथार, पायल कुमावत, शेखर कुमावत, सुहानी नवलखा, तनिष्का पोरवाल, अर्हम कोठारी, आयुषी सुखवाल, गोरी समदानी एवं हिम्मत गायरी प्रमुख हैं।

*नगर में हुआ भव्य स्वागत*
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का नगर में जुलूस निकालकर भव्य स्वागत किया गया। पटाखों एवं उत्साह के साथ जश्न मनाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण व्याप्त हो गया।

*शिक्षकों की मेहनत का परिणाम*
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत एवं शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन को दिया है। विशेष रूप से विद्यालय की प्रिंसिपल मौसम तिवारी, डायरेक्टर राजेंद्र शर्मा, वाइस प्रिंसिपल सुरेंद्र वैष्णव एवं हेड टीचर विवेक सोलंकी के कुशल नेतृत्व एवं सतत प्रयासों ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने का संकल्प व्यक्त किया है।