बीसलपुर फिल्टर प्लांट के पास प्यासे ग्रामीणः पानी की मांग पर दूनी-नगरफोर्ट मार्ग 3 घंटे जाम, जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप

अविनाश मीणा

टोंक|स्मार्ट हलचल।टोंक जिले के घाड़ कस्बे में सोमवार को पानी की किल्लत से परेशान होकर दूनी-नगरफोर्ट मार्ग (स्टेट हाईवे 34A) पर उतर आए। ग्रामीणों ने लगभग तीन घंटे तक सड़क जाम कर पेयजल आपूर्ति की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि बीसलपुर परियोजना का मुख्य फिल्टर प्लांट उनके कस्बे में ही स्थित है, फिर भी उनके घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। स्थानीय प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

आक्रोशित ग्रामीणों ने कस्बे के बस स्टैंड पर मुख्य मार्ग के बीचों-बीच तंबू गाड़कर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भी हिस्सा लिया।

जाम की सूचना मिलते ही घाड़ पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया। ग्रामीण विभागीय अधिकारियों के मौके पर आने और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। सुबह 11 बजे बीसलपुर के अधिकारी पूरणमल टीम के साथ पहुंचे, जिन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। दोपहर 12 बजे दूनी तहसीलदार विनोद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान की जिम्मेदारी ली, जिसके बाद जाम खोला गया।

ग्रामीणों ने बताया कि घाड़ कस्बे में बस स्टैंड से खेड़ेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले रास्ते पर स्थित मीणा मोहल्ले की पाइपलाइन का कनेक्शन पिछले चार साल से नहीं किया गया है। इस कारण मोहल्लेवासियों को अभी तक एक बूंद पानी भी नसीब नहीं हुआ है और उन्हें एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता है।

प्रदर्शन में ग्रामीण जनसेवक मनीष मीणा, युवा साथी एहसान खान घाड़, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष इरफान जी आजमी, राजेश पहाड़िया, अविनाश मीणा, श्योजी लाल मीणा, सुनील, टोनू, प्रकाश प्रजापति, कीमतराज, सोनू, सुमित कजर, विकास कजर, साहिल चौधरी और कुलदीप बैरवा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।