पुनित चपलोत
स्मार्ट हलचल|सुभाष नगर थाना क्षेत्र के कीरखेड़ा गांव के बालाजी खेड़ा में पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर दो परिवारों के बीच हुई क्रॉस फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सत्तू माली, विनय प्रताप सिंह और राधेश्याम जाट को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान तीनों आरोपी लंगड़ाते हुए चलते नजर आए।सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश बिश्नोई ने बताया कि 11 सितंबर को सांगानेर के बालाजी खेड़ा में दो पक्षों के बीच पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की घटना सामने आई। मामले में गोपाल कीर और सोनू कीर की रिपोर्ट पर लखन कीर, सत्तू माली, यीशु हरिजन, राधेश्याम जाट, शुभम तेली, युगल सिंह राजपूत, देवराज तेली, सुनील कबाड़ी, अंकित सेन, विनय प्रताप सिंह सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने शुभम तेली, युगल राज सिंह चौहान, लखन कीर, गोपाल कीर और सोहनलाल कीर को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से टोपीदार बंदूक, तलवार और कुल्हाड़ी बरामद की गई थी। इसके बाद तीन मुख्य आरोपियों सत्तू माली, विनय प्रताप सिंह और राधेश्याम जाट को गिरफ्तार किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें वारदात में इस्तेमाल तलवार और एक वाहन बरामद किया गया। सोमवार को तीनों को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि चार आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पुरानी पारिवारिक रंजिश चल रही थी, जिसके चलते यह विवाद और फायरिंग की घटना हुई।
पुलिस के मुताबिक सत्तू माली के खिलाफ धरियावद, प्रतापगढ़ के साथ सुभाष नगर, कोतवाली और सदर थानों में विभिन्न धाराओं में सात मामले दर्ज हैं। वहीं विनय प्रताप सिंह के खिलाफ भीमगंज, बनेड़ा, सदर और कोतवाली थानों में सात प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।