बानसूर। स्मार्ट हलचल|नारायणपुर क्षेत्र के तुलसीवाला गांव में बुधवार सुबह खेतों के पास टाइगर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 10 बजे खेतों की ओर जा रहे लोगों ने टाइगर का मूवमेंट देखा और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, स्थानीय पटवारी और पुलिस मौके पर पहुंची तथा क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे टाइगर के पास जाने या उसे घेरने का प्रयास न करें और दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें। ग्रामीणों को खेतों और जंगल की ओर अकेले नहीं जाने तथा बच्चों को बिना निगरानी बाहर नहीं भेजने की सलाह दी गई है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में टाइगर ने किसान की भैंसों पर हमला कर दो भैंसों को मार दिया था, जबकि तीन भैंसें लापता हो गई थीं। फिलहाल वन विभाग लगातार टाइगर की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
