खखरेरू / फतेहपुर|स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के किशनपुर चिराई गांव निवासी मुकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि लड़का पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर तिलक समारोह से दो दिन पूर्व शादी से इनकार कर दिया गया।पीड़ित मुकेश कुमार के अनुसार उसकी बहन का विवाह हथगांव थाना क्षेत्र के पूरे कस्बा निवासी गोरेलाल पुत्र रामेश्वर के साथ तय हुआ था। तिलक की तिथि 6 फरवरी तथा विवाह 12 फरवरी निर्धारित थी। आरोप है कि 4 फरवरी को गोरेलाल, उसके पिता रामेश्वर तथा मां रेखा देवी उनके घर पहुंचे और अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे।
मुकेश कुमार का कहना है कि उसने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए तथा निमंत्रण पत्र वितरित हो जाने की बात कहकर काफी मान-मनौव्वल किया, लेकिन लड़का पक्ष ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया।
इस घटना से पीड़ित परिवार एवं उसकी बहन को गहरा आघात पहुंचा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
