मांडल में बड़ा सड़क हादसा, हाईवे पर गाय आने से टेंपो ट्रैवलर पलटा, एक गाय की मौत, कई यात्री घायल, हाईवे पर लगा लंबा जाम

मांडल । जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे 48 पर शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। अचानक हाईवे पर गाय आ जाने से तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर गाय से टकरा गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो ट्रैवलर में सवार कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलने पर सुबह करीब 4 बजे 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत एवं मेल नर्स गिरिराज पायक ने घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए उप जिला चिकित्सालय मांडल पहुंचाया।

हादसे में घायल हुए यात्रियों में संतोष पोद्दार (48), किशन पोद्दार (45), दुर्गा पोद्दार (44), मनीषा पोद्दार (42), सीमा पोद्दार (36) एवं विनय पोद्दार (23) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार सभी यात्री सीकर से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू करवाया।