टोल कर्मियों की गुंडागर्दी: केबिन खाली छोड़ मोबाइल पर बात करता रहा टोलकर्मी, पांच मिनट इंतजार के बाद हॉर्न बजाया तो शुरू की मारपीट, ट्रेलर चालक ने मारपीट और अभद्रता की दी रिपोर्ट

सुरेश चंद्र मेघवंशी
मांडल। थाना क्षेत्र स्थित जीवलिया टोल प्लाजा पर ट्रेलर चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। चालक ने टोलकर्मियों पर अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए मांडल थाने में शिकायत दी है। मसूदा निवासी देवकिशन पुत्र नारायणलाल गुर्जर ने शिकायत में बताया कि वह जोधपुर-निम्बाहेड़ा मार्ग पर ट्रेलर से माल परिवहन का कार्य करता है। गुरुवार को वह ट्रेलर लेकर जीवलिया टोल प्लाजा पहुंचा, जहां उसकी लाइन के केबिन में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। आरोप है कि एक टोलकर्मी मोबाइल फोन पर बात करने में व्यस्त था, जिससे करीब पांच मिनट तक ट्रेलर लाइन में खड़ा रहा और टोल गेट नहीं खुला।
चालक के अनुसार काफी देर इंतजार के बाद उसने हॉर्न बजाया तो टोलकर्मी गाली-गलौज करते हुए वहां पहुंचा और ट्रेलर को दूसरी लाइन में लगाने के लिए कहा। चालक ने ट्रेलर लंबा होने के कारण पीछे लेना संभव नहीं होने की बात कहते हुए टोल काटने का आग्रह किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और टोलकर्मी ने चालक को नीचे उतरने के लिए कहा। नीचे उतरते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। बाद में अन्य टोलकर्मी भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित चालक ने प्राथमिक उपचार कराने के बाद मांडल थाने में लिखित शिकायत देकर संबंधित टोलकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के नियमों में टोल प्लाजा पर वाहनों की सुचारु आवाजाही बनाए रखने और निर्धारित समय में टोल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। ऐसे में चालक ने टोल संचालन में लापरवाही और कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।