शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|टोंक-सवाई माधोपुर के सांसद हरीश चन्द्र मीना ने शुक्रवार को लोकसभा के बजट सत्र के दौरान अपने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पिछले 10 वर्षों में लगातार बढ़ रही बेरोजगारी, उससे जुड़े अपराध और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता जताई।
सांसद हरीश चन्द्र मीणा ने ‘लोक महत्व के मुद्दे’ के तहत बोलते हुए कहा कि रोजगार के अभाव में युवा भटक रहा है और नशे के साथ-साथ साइबर क्राइम जैसे अपराधों की ओर बढ़ रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र की सामाजिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
*केंद्र से शिक्षा संस्थान खोलने की मांग*
सांसद हरीश चन्द्र मीना ने केंद्र सरकार से टोंक-सवाई माधोपुर को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निम्न संस्थान स्थापित करने की मांग की-
केंद्रीय विद्यालय (KV) और जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV), सैनिक स्कूल और एकलव्य मॉडल स्कूल
केंद्रीय आईटीआई (ITI) ताकि युवाओं को तकनीकी कौशल मिल सके। अल्पसंख्यक वर्ग, विशेषकर महिलाओं के लिए विशेष शिक्षण संस्थान खोलने की मांग प्रमुखता से रखी।
*सांसद का संदेश*
सांसद हरीश मीणा ने कहा कि अगर युवाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास के अवसर मिलें, तो वे नशे और अपराध से दूर रहकर देश निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि टोंक-सवाई माधोपुर जैसे पिछड़े क्षेत्र को शिक्षा की सौगात जल्द से जल्द दी जाए, ताकि यहां के युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके।
