मेड़ता रोड
एजाज़ अहमद उस्मानी।
स्मार्ट हलचल|मेड़ता रोड कस्बे में बढ़ती भीड़, यातायात जाम और लगातार हो रहे हादसों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। अब रात 10:00 बजे से पहले किसी भी भारी और ओवरलोड वाहन को कस्बे में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। नियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह मुद्दा हमारे मेड़ता रोड संवाददाता एजाज़ अहमद उस्मानी द्वारा प्रमुखता से उठाया गया था। खबर के प्रसारण के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तुरंत प्रभाव से नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। मेड़ता रोड थाना अधिकारी दयानंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दिन में आम लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है, जिससे जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करना जरूरी हो गया था।
उन्होंने बताया कि रात 10:00 बजे से पहले कस्बे में प्रवेश करने वाले भारी और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को जब्त भी किया जाएगा और संबंधित चालकों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन के इस कदम से कस्बे में यातायात व्यवस्था सुचारु होने और हादसों पर नियंत्रण मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए मेड़ता रोड संवाददाता एजाज़ अहमद उस्मानी का आभार जताया है और इसे मेड़ता रोड पुलिस द्वारा जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है।
