21 हाथ ठेले जब्त, संचालकों पर जुर्माना; चांग गेट व स्टेशन मार्ग पर कार्रवाई
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस ने चांग गेट, स्टेशन मार्ग सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े 21 फल-सब्जी के हाथ ठेले जब्त किए। ठेला संचालकों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई भी की गई।यातायात प्रभारी रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे और मार्ग पर खड़े ठेलों को हटाया गया। कार्रवाई में मेजर हवलदार मंगल चंद, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल गंगा सिंह, राजू सिंह, सरवन जाखड़ सहित यातायात पुलिस व आरएसी के जवान शामिल रहे।
यातायात प्रभारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि चांग गेट और स्टेशन मार्ग शहर के व्यस्ततम मार्ग हैं। इन क्षेत्रों में फल-सब्जी सहित अन्य फुटकर विक्रेता सड़क पर ठेले खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनती है। पुलिस द्वारा पूर्व में कई बार समझाइश कर ठेला संचालकों को सड़क पर ठेले नहीं लगाने की हिदायत दी गई थी।
इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 ठेले जब्त किए। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की कार्रवाई के बाद व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिली।