राज्यास नहर के पास अनियंत्रित होकर पलटा ट्रेलर, चालक की दर्दनाक मौत

ट्रेलर के केबिन में बुरी तरह फंसा था चालक, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला; मौके पर ही तोड़ा दम
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फुलिया कलां उपखंड क्षेत्र 148-डी भीम-उनियारा सड़क मार्ग पर राज्यास गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राज्यास नहर के समीप एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही फुलिया कलां थानाधिकारी दिनेश कुमार मय जाप्ते के साथ मौके के लिए रवाना हुए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। ट्रेलर के पलटने के बाद चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर चालक को केबिन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आत्माराम पुत्र प्रहलाद मीणा, निवासी बोरदा, थाना करवर, जिला बूंदी के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति शांत रही।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, सड़क पर यातायात फिलहाल सुचारू बताया जा रहा है। हादसे की खबर से मृतक के गांव एवं परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।