मुकेश खटीक
मंगरोप।हमीरगढ़ नगर पालिका के पीछे स्थित पशु चिकित्सालय के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।यहां लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई,जिसने देखते ही देखते आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारियों ने पास के खेत की मेढ़ पर रखी सूखी लकड़ियों और झाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।आग तेजी से फैलते हुए आसपास के पेड़-पौधों तक पहुंच गई।जिससे वे भी जलकर पूरी तरह राख हो गए।घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।गनीमत यह रही कि आग पास ही स्थित करीब तीन बीघा गेहूं की फसल तक नहीं पहुंच पाई।उक्त फसल हाल ही में कटकर खेत में ही तैयार अवस्था में पड़ी थी।यदि आग वहां तक फैल जाती,तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था।सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया।जिससे स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।हालांकि घटना में खेत की मेढ़ पर रखी सूखी लकड़ियां,झाड़ियां तथा कई पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो गए।इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मरों की नियमित देखरेख नहीं होने के कारण इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मरों की समय-समय पर जांच कर आवश्यक सुधार कार्य किए जाएं,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
