प्रदेश नेतृत्व की सहमति से जिला अध्यक्ष मनोहरसिंह मीणा ने तीन पदाधिकारियों को सौंपी संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
निंबाहेड़ा, 11 अगस्त। (✍🏻 ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल|राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना एवं बड़ी सादड़ी से कांग्रेस प्रत्याशी रहे बद्रीलाल जाट की अनुशंसा तथा अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया एवं राजस्थान प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोघरा की सहमति से चित्तौड़गढ़ जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष मनोहरसिंह मीणा ने संगठनात्मक विस्तार करते हुए डूंगला एवं बड़ीसादड़ी क्षेत्र में ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की है।
तीन पदाधिकारियों को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
जिला आदिवासी कांग्रेस की ओर से जारी नियुक्ति सूची के अनुसार किशन मीणा, निवासी डूंगला को डूंगला ब्लॉक आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार मुकेश मीणा, निवासी गांव रतिचंद जी का खेड़ा को बड़ीसादड़ी ब्लॉक आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष तथा दीपक रावत, निवासी वार्ड नाहरजी का खेड़ा, बड़ीसादड़ी को बड़ीसादड़ी नगर आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर
आदिवासी कांग्रेस के इस संगठनात्मक विस्तार का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को ग्राम, वार्ड एवं बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाना है। नवनियुक्त पदाधिकारी आदिवासी समाज के बीच कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ ही समाज से जुड़े जनहित के मुद्दों को संगठन के मंच पर प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष मनोहरसिंह मीणा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनियुक्त अध्यक्ष कांग्रेस की रीति-नीति, विचारधारा एवं संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
