बूंदी- स्मार्ट हलचल।जिले के लाखेरी क्षेत्र में आज मेज नदी पुलिया पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लास्टिक दाने की बोरियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रक नदी के पानी में गिरने से बाल-बाल बच गया, इस दौरान ट्रक की चपेट में आई एक कार में सवार लोग भी सुरक्षित बच निकले। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक सड़क किनारे स्थित ढाबे पर पानी पीने के लिए उतरा था। इसी दौरान सड़क पर ढलान होने के कारण ट्रक अचानक पीछे की ओर चलने लगा। देखते ही देखते ट्रक करीब 200 मीटर तक बेक होता चला गया। इस दौरान पीछे आ रही एक कार उसकी चपेट में आ गई। कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर
पुलिया के नीचे गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने ढलान वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और वाहन चालकों की सतर्कता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था और कुछ पल के लिए मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि ट्रक पुलिया से नीचे गिरने के बावजूद नदी के गहरे पानी तक नहीं पहुंचा, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। लेकिन ट्रक में भरी प्लास्टिक दाने की बोरियां चारो ओर बिखर गई।
