अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान पुलिस की अपराध शाखा द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर सदर थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से कुल 9 पेटी अवैध शराब जब्त की है।जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी राजेश कसाणा के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। ब्यावर सदर थानाधिकारी गजराज सिंह और प्रोबेशनर RPS अधिकारी अनिल पवार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई: रीको एरिया में मकान से शराब बरामद
पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई रानीसागर रीको एरिया में की, जहाँ एक मकान के कमरे में अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। मौके से आरोपी जलाल काठात (27 वर्ष), निवासी टीकायतों की डीमडी नानणा (थाना सेंदड़ा) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 7 पेटी अवैध देशी शराब और 1 पेटी बीयर जब्त की गई।
दूसरी कार्रवाई: अंधेरी देवरी से अंग्रेजी व देशी शराब जब्त
इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई अंधेरी देवरी क्षेत्र में की। यहाँ से आरोपी प्रभुसिंह (41 वर्ष), निवासी अंधेरी देवरी को गिरफ्तार कर उसके पास से विभिन्न ब्रांड की 1 पेटी देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस टीम में इनका रहा विशेष योगदान
इस पूरी कार्रवाई में RPS प्रोबे. अनिल पवार का विशेष योगदान रहा। टीम में सहायक उप-निरीक्षक चेलाराम, महेंद्र कुमार मीणा, हेड कांस्टेबल देशराज (2117) तथा कांस्टेबल मांगीलाल (544), ओमप्रकाश (2856) और स्वरूपराम (573) शामिल रहे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ब्यावर सदर थाने में अलग-अलग धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और शराब तस्करों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
