सत्यनारायण सेन
राशमी।स्मार्ट हलचल|कस्बे में बुधवार शाम को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मतवाली माता की पहाड़ी से नीचे गिरने के कारण दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है।मिली जानकारी के अनुसार, दोनों गायें पहाड़ी पर चरने के लिए गई थीं। इसी दौरान ढलान पर अचानक संतुलन बिगड़ने से वे सीधे नीचे आ गिरीं। ग्रामीणों का कहना है कि मतवाली माता की पहाड़ी आबादी क्षेत्र की तरफ से काफी ऊंची और बिल्कुल सीधी खड़ी ढलान वाली है। इस भौगोलिक स्थिति के कारण यहाँ अक्सर मवेशियों के गिरने का खतरा बना रहता है। मानसून के दिनों में तो स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर लुढ़ककर नीचे रिहायशी इलाके की ओर आ जाते हैं।
स्थानीय निवासी कैलाश माली ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। अब तक एक दर्जन से अधिक गायें इसी तरह इस पहाड़ी से गिरकर अपनी जान गंवा चुकी हैं। लगातार हो रहे इन हादसों से तंग आकर ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल दखल देने की मांग की है।
ग्रामीणों की मांग है कि पहाड़ी के निचले हिस्से में मजबूत तार-जाली (फेंसिंग) लगाई जाए, ताकि मवेशियों को पहाड़ी के खतरनाक रास्तों पर जाने से रोका जा सके और भविष्य में ऐसे हादसों पर लगाम लगाई जा सके।

