उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत को सौंपा गया ₹25 लाख की अनुशंसा का अनुरोध पत्र, बिरसा मुंडा स्टडी सेंटर स्थापित करने पर हुई चर्चा

उदयपुर।स्मार्ट हलचल।देश की पहली निजी आदिवासी यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन आर. डी. मीणा ने मंगलवार को उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत से शिष्टाचार मुलाकात कर यूनिवर्सिटी के विकास कार्यों के लिए ₹25 लाख की राशि की अनुशंसा करने संबंधी अनुरोध पत्र सौंपा। इस दौरान आदिवासी समाज में उच्च शिक्षा के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान उदयपुर में बिरसा मुंडा स्टडी सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। चेयरपर्सन आर. डी. मीणा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शैक्षणिक मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना है। इस संबंध में विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान यूनिवर्सिटी के दीर्घकालिक विकास, आदिवासी युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने और समाज के शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए जनसहयोग बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विचार साझा किए गए। आर. डी. मीणा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास भविष्य की पीढ़ियों के लिए नए अवसर तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस अवसर पर रक्षा मंत्रालय के सेवानिवृत्त डायरेक्टर हेमराज मीणा तथा वरिष्ठ पत्रकार राकेश मीणा भी उपस्थित रहे। सभी ने आदिवासी समाज के शैक्षणिक विकास के लिए सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने पर बल दिया।