(पंकज पोरवाल)
*केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी आवश्यक: त्रिभुवन पाटीदार*
अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ ही पांच-पांच पौधे लगाने का लिया संकल्प
भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल।भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में 29 जून से 6 जुलाई तक मनाए जा रहे सहकार सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को भीलवाड़ा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (भीलवाड़ा डेयरी) परिसर में ग्रीन कॉर्पोरेट दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश देते हुए डेयरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया। भीलवाड़ा डेयरी के प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने बताया कि सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूरे होने पर पूरे देश में सहकारिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में ग्रीन कॉर्पाेरेट दिवस का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एक वैश्विक आवश्यकता बन गया है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के बीच वृक्षारोपण ही एक ऐसा माध्यम है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। इसी सोच के साथ भीलवाड़ा डेयरी परिवार ने पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान डेयरी में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पांच-पांच पौधे लगाने एवं उनकी देखरेख करने का संकल्प लिया। इस दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उन्हें संरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई। प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कुछ पौधे लगाकर उनका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी सफलता मिल सकती है। ग्रीन कॉर्पोरेट दिवस के इस आयोजन में डेयरी के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया। सहकार सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि सहकारिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा भी प्रदान की। भीलवाड़ा डेयरी द्वारा किया गया यह प्रयास क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने और हरित अभियान को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
