भेरुन्दा लुकमान शाह
बुधवार को आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ जिले के एकदिवसीय दौरे पर रहे। ग्राम भेरून्दा के बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में राठौड़ का साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया। वें जायल के दुगोली जाते समय यहां कुछ देर के लिए रुके थे। इस अवसर पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पेपरलीक करने वाला एक संगठित आपराधिक गिरोह है। यह युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है इसलिए आरोप प्रत्यारोप लगाना किसी भी सूरत में न्याय संगत नहीं है। सभी राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पेपरलीक की घटनाओं को रोकने के लिए एक मत होना चाहिए। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को जेल भेजे जाने के के प्रश्न पर राठौड़ ने कहा कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वह आए दिन गलत बयानबाजी करते रहते हैं। वह खुद के साथ पार्टी की छवि भी धूमिल कर रहे हैं। उनको शिक्षा मंत्री के पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। गुजरात, यूपी, बिहार जैसे राज्यों में भी पेपर लीक की घटनाएं हुई। ऐसे में किसी राजनीतिक दल को टारगेट बनाकर दुष्प्रचारित करना सही बात नहीं है। पेपरलीक की समस्या गंभीर विषय है। पूर्ववर्ती गहलोत सरकार ने तो पेपरलीक की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कानून भी बनाया था। पेपर लीक में शामिल लोगों को जेल भेजा गया, नौकरी से बर्खास्त किया गया एवं माफियाओं की अवैध संपत्ति ध्वस्त की गई। यह मामला सीधे तौर पर युवाओ एवं जनता से जुड़ा हुआ है। भविष्य में अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पेपर लीक की देशव्यापी समस्या का हल निकालने पर विचार किया जाएगा। जिससे युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके। एसआईआर के आखिरी दिनों में भरे गए फॉर्म 7 को लेकर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस समर्थक मुस्लिम और दलित वोटरों के नाम को टारगेट कर फॉर्म भरे गए हैं। नाम को लेकर आपत्ति जताने वाले फॉर्म फर्जी हैं। बीएलए के फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने आपत्ति वाले सभी नामों के फॉर्म सार्वजनिक किए जाने की मांग की है। अगर नाम हटाने में भेदभाव नहीं किया जा रहा है तो फार्मों को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी किसी भी सही वोटर का नाम कतई कटने नहीं देगी। लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर कोर्ट की सहायता ली जाएगी। इस दौरान पूर्व पार्षद हेमंत सिंह जोधा, मण्डल अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह बनवाड़ा, घनश्याम सारड़ा, दिलीप सिंह, अजीत सिंह, राजेन्द्र सिंह, सुबान देशवाली, शैतान सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।













